शुक्रवार, 14 अक्टूबर 2011

देखें कितना असर करती है टीम अन्ना की मुहिम


रियाणा की चर्चित लोकसभा सीट हिसार के उपचुनाव के लिए वोट तो पड़ गए अब नतीजों का बेसब्री से इंतजार है। लोग-बाग देखेंगे कि आखिर टीम अन्ना की कांग्रेस विरोधी मुहिम का क्या असर होता है। वैसे मतदान के बाद हुए एग्जिट पोल में कांग्रेस तीसरे नंबर पर रही है। हरियाणा जनहित कांग्रेस के उम्मीदवार कुलदीप बिश्नोई जीत के करीब हैं तो इनेलो के अजय चौटाला उन्हें कड़ी टक्कर देते नजर रहे हैं यानी कमोबेस पिछला नतीजा दोहराया जा सकता है। पिछली बार बिश्नोई के पिता और पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल इस सीट से सांसद चुने गए थे। यह सीट उनके निधन से खाली हुई है। अब पिता की जगह बिश्नोई चुनावी समर में हैं।
मतगणना 17 अक्टूबर को होगी। बिश्नोई को भाजपा का समर्थन भी हासिल है। उनका मुकाबला कांग्रेस के जयप्रकाश और इनेलो के अजय चौटाला से है। 40 प्रत्याशी मैदान में हैं। टीम अन्ना की अपील के चलते प्रदेश में सत्तारूढ़ भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार की प्रतिष्ठा दांव पर लग गई है। चुनाव परिणाम किसी एक पक्ष को झटका देने वाला साबित हो सकता है।
सी वोटर द्वारा कराए गए एग्जिट पोल में हरियाणा जनहित कांग्रेस-भाजपा गठबंधन के उम्मीदवार कुलदीप बिश्नोई को बढ़त दिखाई गई है। इंडियन नेशनल लोकदल उम्मीदवार अजय चौटाला दूसरे नंबर पर रह सकते हैं।
वैसे यह कहना समीचीन नहीं होगा कि कांग्रेस हालत यहां टीम अन्ना के विरोध की वजह से खराब हो रही है, बल्कि पिछले लोकसभा चुनाव में भी कुछ ऐसा ही हुआ था। हां, इतना जरूर है कि अगर कांग्रेस के वोट प्रतिशत में ज्यादा गिरावट आती है तो ये माना जा सकता है कि टीम अन्ना की अपील रंग लाई।

0 टिप्पणियाँ:

एक टिप्पणी भेजें

सदस्यता लें टिप्पणियाँ भेजें [Atom]

<< मुख्यपृष्ठ